बहराइच में सड़क का खूनी खेल: तेज रफ्तार कार और टेंपो की टक्कर में भाई-बहन समेत तीन की मौत
अनूप मिश्रा, बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। कैसरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-बहराइच मार्ग पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो बच्चों समेत कुल तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इसे भी पढ़ें- योगी जी ऐसे कैसे आएगा रामराज? छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगई, युवकों ने मामा-भांजी को लाठी-डंडों से पीटा, यही है जीरो टॉलरेंस नीति!
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार रात लगभग 12 बजे के आसपास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सवार पांचों लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान 13 वर्षीय सोनम ने दम तोड़ दिया। वहीं, सोनम के 8 वर्षीय भाई फैजान और टेंपो चालक शफीक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात दोनों की भी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें- कौन क्या खाएगा, सिस्टम तय करेगा! KGMU हॉस्टल में नॉनवेज पर रोक, छात्रों ने उठाए सवाल, विपक्ष ने सरकार को घेरा
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान जरवल रोड थाना क्षेत्र निवासी अखलाक अहमद के बच्चों के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार बहराइच से खरीदारी करके वापस घर लौट रहा था। इस हादसे में बच्चों के माता-पिता, अखलाक अहमद और 35 वर्षीय नाजरून, भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की अन्य खबरें
