साइबर सुरक्षा के प्रति देश को जागरूक करने के लिए ‘दैनिक भास्कर’ और ‘एस के फाइनेंस’ का बड़ा अभियान
देशभर में बढ़ते ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए सोमवार से दैनिक भास्कर और एस के फाइनेंस ने एक विशेष साइबर सुरक्षा अभियान का आगाज किया है। जयपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अभियान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है, जिससे निपटने के लिए सरकार पूरी तरह मुस्तैद है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राजस्थान सरकार साइबर अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए R4C, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ जैसे प्रभावी नवाचारों को लागू कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन के संसाधनों को आधुनिक बनाया गया है, ताकि राज्य के भीतर और बाहर होने वाले साइबर अपराधों की तुरंत पहचान कर अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। मुख्यमंत्री ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए दैनिक भास्कर के इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना की।
एक करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
एस के फाइनेंस के एमडी एवं सीईओ राजेंद्र कुमार सेतिया ने बताया कि लेंडिंग बिजनेस से जुड़े होने के कारण उनकी कंपनी साइबर सुरक्षा के जोखिमों को बेहतर समझती है। उन्होंने कहा कि उनके पास लगभग 25 लाख ग्राहकों का डेटा है, और उनके परिवारों को शामिल करते हुए इस अभियान का विस्तार एक करोड़ लोगों तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
- अभियान के तहत एक ऑनलाइन डिजिटल संकल्प पोर्टल शुरू किया गया है, जहां कोई भी नागरिक जुड़ सकता है।
- एस के फाइनेंस के कर्मचारी जमीनी स्तर पर जाकर लोगों को सुरक्षित रहने के तरीके सिखाएंगे।
- सरकारी स्कूलों में जाकर स्कूली बच्चों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अब बैंक लूटने के लिए हथियारों की नहीं, बस एक क्लिक की है जरूरत
दैनिक भास्कर के नेशनल एडिटर एल.पी. पंत ने साइबर धोखाधड़ी की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि आज के समय में यह एक महामारी की तरह फैल चुका है। उन्होंने कहा, “पहले बैंक लूटने के लिए हथियारों की आवश्यकता होती थी, लेकिन आज अपराधी सिर्फ एक मोबाइल नंबर और मामूली जानकारी के जरिए आपका बैंक खाता खाली कर सकते हैं।” उन्होंने जोर दिया कि इस डिजिटल युग में खुद को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता ही एकमात्र हथियार है।
पोस्टर विमोचन के दौरान प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के नेशनल एडिटर एल.पी. पंत, राजस्थान बिजनेस हेड बी.एस. शेखावत, एस के फाइनेंस के एमडी राजेंद्र सेतिया और जेईसीआरसी ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह अभियान दैनिक भास्कर और एस के फाइनेंस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है, जिसमें KGK Realty और जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी को-पावर्ड पार्टनर के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक को साइबर ठगी से बचाकर एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है।
