स्कूल से आते समय छात्राओं के साथ छेड़खानी:नकली पिस्तौल दिखाकर अश्लील इशारे किए; दो मनचलों को ग्रामीणों ने पकड़ा, एक नाबालिग शामिल


रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवक कई दिनों से छात्राओं का पीछा कर अश्लील इशारे करते थे और नकली पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराते थे। ग्रामीणों ने दोनों का पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोज स्कूल आते-जाते करते थे पीछा पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कक्षा 10वीं में पढ़ती है और प्रतिदिन अपनी सहेलियों के साथ पैदल स्कूल आती-जाती है। इसी दौरान दो युवक बाइक से उनका पीछा करते, आंख मारकर अश्लील इशारे करते और मोबाइल दिखाकर परेशान करते थे। छात्राओं का आरोप है कि आरोपी नकली पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराते भी थे। कई बार विरोध और शोर मचाने के बावजूद उनकी हरकतें नहीं रुकीं। ‘हम तुमको रखेंगे’ कहकर की अभद्रता सोमवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद छात्राएं पैदल अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक क्रमांक RJ-03 AE-8486 से दोनों युवक फिर उनके पीछे पहुंचे। छात्राओं के अनुसार, आरोपियों ने अश्लील इशारे किए और कहा, “हम तुमको रखेंगे।” इसके बाद वे मौके से आगे निकल गए। ग्रामीणों ने पीछा कर दबोचा घटना के तुरंत बाद छात्राओं ने गांव के लोगों को पूरी जानकारी दी। ग्रामीणों ने दोनों युवकों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम विकास पिता प्रभु मईड़ा, निवासी कदवाली बताया, जबकि दूसरा नाबालिग निकला। इसके बाद दोनों को बाजना थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। छात्राओं की शिकायत पर दर्ज हुआ केस घर पहुंचकर छात्राओं ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। छात्राओं की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बोली- जांच जारी बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें राउंडअप कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Exit mobile version