Success: सुधीर सांगवान की कहानी, मेडिकल स्टोर से वेब सीरीज तक का सफर


दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के मंच पर एक चेहरा सबकी निगाहों का केंद्र बना रहा, जो कोई और नहीं बल्कि हरियाणा के चरखी दादरी निवासी अभिनेता सुधीर सांगवान हैं। नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय वेब सीरीज 'मामला लीगल है' में SHO पेप्सू के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने…

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चर्चा में आया ये ‘OTT स्टार’, कौन हैं सुधीर सांगवान?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के मंच पर एक चेहरा सबकी निगाहों का केंद्र बना रहा, जो कोई और नहीं बल्कि हरियाणा के चरखी दादरी निवासी अभिनेता सुधीर सांगवान हैं। नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ में SHO पेप्सू के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले सुधीर अब केवल एक्टिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे CJP की संस्थापक कोर टीम के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की मुहिम में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। एक किसान परिवार से निकलकर OTT प्लेटफॉर्म तक का उनका सफर संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल है।

आर्थिक तंगी से लेकर बैंकिंग और स्टार्टअप तक का सफर

9 नवंबर 1988 को जन्में सुधीर सांगवान का बचपन चरखी दादरी के छोटे से गांव ‘छप्पर’ में बीता। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्हें बहुत कम उम्र से ही काम करना पड़ा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 200 रुपये दिहाड़ी पर मेडिकल स्टोर हेल्पर के रूप में की थी। इसके अलावा उन्होंने डीजे ऑपरेटर, फोटोग्राफर, सिम कार्ड हॉकर और ट्रांसपोर्ट कंपनी में असिस्टेंट जैसे कई छोटे काम किए।

सुधीर की मेहनत रंग लाई और उन्होंने बैंकिंग सेक्टर में कदम रखा। वे 2016 तक कोटक महिंद्रा बैंक में ब्रांच मैनेजर और बाद में इक्विटस बैंक में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (AVP) के पद तक पहुंचे, जहाँ उनका मासिक वेतन 1.24 लाख रुपये था। बैंकिंग के साथ-साथ उन्होंने उद्यमिता की ओर रुख किया और MyMistri.com जैसे स्टार्टअप शुरू किए, जिसे उन्होंने बाद में 40 लाख रुपये में बेचा। हालांकि, कुछ बिजनेस में उन्हें घाटा भी हुआ, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

एक्टिंग की दुनिया में मिली नई पहचान

साल 2019 में फिल्म निर्माता राहुल दहिया से मुलाकात के बाद सुधीर ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने मुंबई में 100 से अधिक ऑडिशन दिए और अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल की। उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं:

  • नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ में SHO जयवंत पेप्सू का यादगार किरदार।
  • अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई फिल्म ‘राख’ में मुख्य भूमिका।
  • अमेज़न प्राइम वीडियो के विज्ञापन में दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ स्क्रीन साझा करना।
  • ‘विरोध’, ‘मायाजाल’, ‘अखाड़ा’ और ‘स्कैम’ जैसी कई सफल वेब सीरीज में अभिनय।

CJP से जुड़ाव और भविष्य की योजनाएं

सुधीर सांगवान 2011 के अन्ना आंदोलन के समय से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने भिवानी के लोकेश के साथ मिलकर ‘स्टैंड विद नेचर’ नाम का NGO भी चलाया। जब ‘कॉकरोच’ शब्द को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी, तो वे CJP के विचारों से प्रभावित होकर इस आंदोलन का हिस्सा बन गए। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके द्वारा व्यवस्था संभालने और कंधे पर स्पीकर लेकर भीड़ को संबोधित करने के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।

वर्तमान में सुधीर CJP की संस्थापक कोर टीम के सदस्य के रूप में संगठन के विस्तार में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य देशभर में शिक्षा, रोजगार और जनहित के मुद्दों को लेकर जमीनी स्तर पर बड़े अभियान चलाना है। सुधीर का कहना है कि वे अब अपनी अभिनय कला और सामाजिक सक्रियता के बीच तालमेल बिठाते हुए देश की युवा पीढ़ी की आवाज बनने की कोशिश करेंगे।


Exit mobile version