बच्चों के यौन शोषण (Child Sexual Abuse Material-CSAM) से जुड़ी आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री के खिलाफ दिल्ली पुलिस के मध्य जिला ने बड़ा अभियान चलाते हुए पिछले पांच दिनों में 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान जिले के विभिन्न थानों में 10 एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन समेत अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चला विशेष अभियान
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को डाउनलोड, अपलोड, स्टोर या सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से साझा करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ऐसे साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
डिजिटल विश्लेषण और तकनीकी ट्रैकिंग से हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, जांच की शुरुआत संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के विस्तृत विश्लेषण से हुई। तकनीकी जांच में प्रतिबंधित सामग्री के ऑनलाइन प्रसारण की पुष्टि होने के बाद विभिन्न थानों में मामले दर्ज किए गए। इसके बाद विशेष पुलिस टीमों ने तकनीकी खुफिया जानकारी, डिजिटल विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पॉक्सो और आईटी अधिनियम के तहत दर्ज हुए मामले
अधिकारियों ने बताया कि आईपी एस्टेट, पहाड़गंज, जामा मस्जिद, कमला मार्केट, पटेल नगर और चांदनी महल समेत मध्य जिले के विभिन्न थानों में पॉक्सो अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित सीधे तौर पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को ऑनलाइन अपलोड और प्रसारित करने में शामिल थे। हालांकि, जांच की गोपनीयता बनाए रखने और साक्ष्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए पुलिस ने फिलहाल आरोपितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
