JSW MG मोटर इंडिया ने पेश किया अपना नया ‘ADAPT’ प्लेटफॉर्म, भविष्य की कारों में आएगा बड़ा बदलाव
JSW MG मोटर इंडिया ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में नई क्रांति लाने के उद्देश्य से अपना अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म ‘ADAPT’ (एडवांस्ड ड्राइव आर्किटेक्चर प्लेटफॉर्म) पेश किया है। यह एक ऐसा न्यू एनर्जी व्हीकल प्लेटफॉर्म है, जिसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खूबी यह है कि कंपनी इस पर चार अलग-अलग तरह की गाड़ियां विकसित करेगी, जिनमें इलेक्ट्रिक, प्लग-इन हाइब्रिड, रेंज-एक्सटेंडर और स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड शामिल हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ADAPT प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल केवल इको-फ्रेंडली वाहनों के लिए ही किया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की प्योर पेट्रोल या डीजल कार का निर्माण नहीं होगा।
बेहतर माइलेज और 43% थर्मल एफिशिएंसी
ADAPT प्लेटफॉर्म पर आधारित हाइब्रिड वाहनों में कंपनी एक नया नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पेश करेगी। कंपनी का दावा है कि यह इंजन पेट्रोल की खपत को कम करने में सक्षम होगा और इसकी थर्मल एफिशिएंसी 43% तक होगी।
आमतौर पर बाजार में उपलब्ध पेट्रोल इंजनों की थर्मल एफिशिएंसी 20% से 35% के बीच होती है, ऐसे में एमजी का यह दावा तकनीक के लिहाज से काफी प्रभावशाली है। हालांकि, इंजन के सीसी, पावर और टॉर्क जैसे स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन यह पुष्टि की गई है कि इसे एक एडवांस्ड DHT (डायरेक्ट हाइब्रिड ट्रांसमिशन) के साथ जोड़ा जाएगा।
दुनिया का पहला इलेक्ट्रोमैग्नेटिक ई-क्लच
MG की इस नई हाइब्रिड तकनीक में दुनिया का पहला इलेक्ट्रोमैग्नेटिक ई-क्लच लगाया गया है। कंपनी का दावा है कि यह पारंपरिक क्लच यूनिट्स के मुकाबले 4 गुना तेजी से रिस्पॉन्स देने में सक्षम है। हाइब्रिड कारों में इस्तेमाल होने वाले सामान्य e-CVT गियरबॉक्स की तुलना में, यह DHT तकनीक मैकेनिकल गियर्स का उपयोग करती है, जो ड्राइविंग के अनुभव को और भी बेहतर बनाती है।
इसके अतिरिक्त, इसमें 10-इन-1 ड्राइव यूनिट दी गई है, जिसमें परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर और 2-स्टेज रिडक्शन गियरबॉक्स को इंटीग्रेट किया गया है। यह सिस्टम पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के तालमेल को मैनेज करता है, जिससे गाड़ी को बेहतर टॉर्क और परफॉर्मेंस मिलती है।
चार अलग-अलग ड्राइविंग मोड्स
ADAPT प्लेटफॉर्म पर बनी गाड़ियां चार खास ड्राइविंग मोड्स के साथ आएंगी, जो पावरट्रेन और बैटरी के तालमेल से काम करेंगे:
- पैरेलल मोड: इसमें पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों मिलकर गाड़ी को पावर देते हैं।
- सीरीज मोड: इस मोड में पेट्रोल इंजन केवल बैटरी चार्ज करने के लिए जनरेटर का काम करता है, जबकि गाड़ी इलेक्ट्रिक मोटर से चलती है।
- इंजन डायरेक्ट मोड: इसमें केवल पेट्रोल इंजन का उपयोग होता है, जिससे हाई-स्पीड पर बेहतर प्रदर्शन मिलता है।
- प्योर EV मोड: इस मोड में पेट्रोल इंजन पूरी तरह बंद रहता है और कार पूरी तरह इलेक्ट्रिक पावर पर चलती है, जिससे जीरो एमिशन सुनिश्चित होता है।
