सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री खट्टर से की मुलाकात, उत्तराखंड की ऊर्जा जरूरतों पर हुई अहम चर्चा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में राज्य की ऊर्जा सुरक्षा, जल विद्युत परियोजनाओं, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) और एडीबी (ADB) पोषित पारेषण परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से राज्य की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई है।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय पूल से राज्य को मिल रही बिजली के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य की चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान और एल-नीनो के असर के कारण जलाशयों में जल स्तर घटने से जल विद्युत उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, चारधाम और कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली की मांग में भारी उछाल आने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने जुलाई 2026 के लिए 150 मेगावाट और अगस्त 2026 के लिए 200 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
इसे भी पढ़ें : भारी बारिश के अलर्ट के बीच कई जनपदों में अवकाश की घोषणा, प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को पूर्वोत्तर राज्यों के समान जल विद्युत परियोजनाओं के लिए विशेष वित्तीय सहायता देने की मांग रखी। उन्होंने राज्य में लगभग 10 गीगावाट पम्प्ड स्टोरेज क्षमता विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में 7,800 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता या वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) का अनुरोध किया। साथ ही, ग्रिड की स्थिरता के लिए BESS की क्षमता को 500 मेगावाट आवर से बढ़ाकर 665 मेगावाट आवर करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
पिटकुल (PTCUL) की 3,638.26 करोड़ रुपये की एडीबी सहायतित पारेषण परियोजना का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना के लिए जो 80:20 का वित्तीय अनुपात तय किया गया है, उसे ही बरकरार रखा जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि वित्तीय पैटर्न में बदलाव से हिमालयी राज्यों को मिलने वाले लाभ प्रभावित होंगे। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण ने इस परियोजना को पहले ही तकनीकी मंजूरी दे दी है।
इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, CM धामी ने अधिकारियों को दिए हाई अलर्ट के निर्देश
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड की जल विद्युत क्षमता मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सकारात्मक रुख राज्य के बुनियादी ढांचे और सतत विकास को नई गति देगा। केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- ताजा अपडेट्स के लिए हमसे जुड़े रहें
