देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने दी हरेला पर्व की बधाई, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी निवासियों को पारंपरिक लोक पर्व ‘हरेला’ की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हरेला पर्व केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। यह पर्व हमें हमारी गौरवशाली लोक संस्कृति और पर्यावरण को बचाने की सीख देता है, साथ ही अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करता है। लोक पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर की पहचान हैं, जिन्हें संजोकर रखना हम सभी का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक आभा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए पूरी दुनिया में जानी जाती है। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और अद्भुत जैव विविधता के कारण ही यह प्रदेश पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। इसी विशिष्टता को देखते हुए, पर्यावरण की रक्षा करना हमारी विशेष जिम्मेदारी बन जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य की नदियों, जल स्रोतों और गाड़-गदेरों को पुनर्जीवित करने और उनके संरक्षण के लिए सरकार और जनता को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे।
वृक्षारोपण को लेकर सरकार का बड़ा संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने समाज में वृक्षारोपण के प्रति एक नई जागरूकता पैदा की है। प्रदेश में हरेला पर्व के अवसर पर वन और उद्यान विभाग के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए एक प्रभावी कार्य-योजना तैयार कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि आज वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक दायित्व और जन-भावना का विषय बन गया है। यह प्रयास आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपराओं के साथ-साथ प्रकृति के प्रति उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
जनसहभागिता की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता के बिना पर्यावरण को बचाना असंभव है।
- संबंधित खबर: विपक्ष के विधायक भी हुए सीएम धामी के मुरीद, कांग्रेस विधायक ने मंच से की खुलकर तारीफ।
- संबंधित खबर: लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश वाहनों को मिली मंजूरी, लोगों को बड़ी राहत, सांसद अनिल बलूनी ने दी जानकारी।
