चंदौली: सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
चंदौली से अशोक कुमार जायसवाल की रिपोर्ट। समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के किसानों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सांसद ने कहा कि आज का किसान सिंचाई, बिजली और उर्वरक जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए दर-दर भटक रहा है, लेकिन सत्ताधारी दल केवल खोखले दावे करने में व्यस्त है।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने आगामी रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि 19 जुलाई को INDIA गठबंधन की बैठक में जो भी निर्णय लिए जाएंगे, समाजवादी पार्टी पूरी निष्ठा के साथ उसका पालन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी का वैचारिक आधार बेहद मजबूत है, जो न कभी किसी दबाव में झुकी है और न ही भविष्य में झुकने वाली है।
इसे भी पढ़ें- सपा का रुख: महिला आरक्षण और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर अखिलेश यादव के स्टैंड को लेकर ओपी राजभर का बड़ा खुलासा
कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि विपक्षी एकजुटता को तोड़ने की तमाम कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन ऐसी साजिशें कामयाब नहीं होंगी। वहीं, वरिष्ठ नेता आज़म खान के विषय पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर कठिन परिस्थिति में उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी रही है और आगे भी उनका पूर्ण समर्थन जारी रहेगा।
वाराणसी कॉरिडोर के सवाल पर सांसद ने स्पष्ट किया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास निरर्थक है जो गरीब और वंचितों की कीमत पर हो। उन्होंने जिले की बदतर स्थिति को रेखांकित करते हुए बताया कि नहरों में पानी का अभाव है, बिजली की किल्लत से निजी नलकूप ठप पड़े हैं और लो-वोल्टेज की समस्या ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कर्मनाशा, चंद्रप्रभा नदी और नारायणपुर, भूपौली व गंगा पंप कैनाल की बदहाली पर भी गहरी चिंता जताई।
इसे भी पढ़ें- यूपी में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: 32 वर्षीय महिला में कोरोना की पुष्टि, सतर्कता बरतने की सलाह
सांसद वीरेंद्र सिंह ने साधन सहकारी समितियों पर खाद की भारी कमी का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि अविलंब किसानों को खाद और सिंचाई की उचित सुविधा मुहैया नहीं कराई गई, तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की विशेष खबरें
