शूटिंग रेंज में चमके कुंडा विधायक राजा भैया, स्टेट चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
उत्तर प्रदेश की राजनीति के कद्दावर नेता और प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह, जिन्हें लोग ‘राजा भैया’ के नाम से जानते हैं, ने इस बार सियासी गलियारों से हटकर खेल के मैदान में अपनी धाक जमाई है। राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर कांस्य पदक हासिल किया है, जिससे उनकी निशानेबाजी की प्रतिभा एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
इसे भी पढ़ें- गांवों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य, विकसित पंचायतों से बनेगा विकसित भारत: केशव मौर्य
25 अंकों के साथ हासिल की जीत
राजधानी दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राजा भैया ने बतौर प्रतियोगी संख्या 71 शिरकत की। उन्होंने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 अंक अर्जित किए और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। बुधवार को आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा की गई, जिसके बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
हथियारों के प्रति लगाव और विरासत
राजा भैया के हथियारों के प्रति प्रेम के किस्से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। उन्हें यह शौक अपने पिता से विरासत में मिला है। शूटिंग में उनकी रुचि केवल एक शौक नहीं, बल्कि एक गंभीर खेल के रूप में भी देखी जाती है।
शस्त्र पूजा और विवादों से नाता
राजा भैया हर वर्ष दशहरे के पावन पर्व पर अपने निजी शस्त्रागार में रखे हथियारों की विधिवत पूजा करते हैं। पिछले साल उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें उनके पास मौजूद 200 से अधिक देसी और विदेशी हथियारों का जखीरा नजर आया था। हालांकि, बाद में ये हथियार विवादों के घेरे में भी आए, जब उनकी पत्नी भानवी सिंह ने इन्हें लेकर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह मामला कानूनी पचड़ों में भी फंस गया था।
इसे भी पढ़ें- UP में ‘भ्रष्टाचार मुक्त’ दावों पर सवाल! वाराणसी में GST डिप्टी कमिश्नर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
राजनीति के साथ खेल में भी सक्रिय
जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से लगातार सातवीं बार विधायक चुने गए हैं। राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाने के बाद अब शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर उन्होंने साबित कर दिया है कि वे खेल के मैदान में भी उतने ही सटीक हैं।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें और अपडेट्स
