बुलंदशहर में गरजे सीएम योगी: माफियाओं के लिए चेतावनी, बोले- या तो जेल जाओ या जहन्नुम
बुलंदशहर से सतीश सिंह की रिपोर्ट। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश दंगों, माफिया राज और भय के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यह प्रदेश सुरक्षा और सुशासन का मॉडल बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने माफियाओं और अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा, “हमने जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है। हमने कहा था कि माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे और आज वे मिट्टी में मिल चुके हैं। यदि किसी ने प्रदेश की बेटियों या व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की कोशिश की, तो उसके लिए केवल दो ही स्थान शेष हैं—या तो जेल की सलाखें या फिर जहन्नुम।” उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार अपने संवैधानिक और नैतिक दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभा रही है।
इसे भी पढ़ें : गुंडई करोगे तो यही हश्र होगा! पुलिस मुठभेड़ में लूट के 2 बदमाश ढेर, 2 सिपाही भी घायल, जानिए खाकी ने कैसे किया खात्मा…
वर्ष 2017 से पहले की स्थिति पर प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस समय प्रदेश में दहशत का माहौल था और सत्ता में बैठे लोग खुद आतंक के पर्याय थे। बुलंदशहर गैंगरेप जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने तत्कालीन मंत्रियों के बयानों को शर्मनाक बताया। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 से पहले मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और सहारनपुर जैसे जिलों में आए दिन दंगे होते थे और कर्फ्यू लगा रहता था। उस दौर में कानून का नहीं, बल्कि माफियाओं का शासन चलता था।
सपा पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि हर जिले में एक माफिया का दबदबा था और थानों से लेकर तहसीलों तक वसूली का सिंडीकेट चलता था। उन्होंने सपा नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा, “पहले के शासक दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, फिर तैयार होकर शाम को जिम और महफिलें सजाने में व्यस्त रहते थे। उन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं था।” उन्होंने कहा कि प्रभु राम ने उन्हें पहले भी कुछ करने लायक नहीं छोड़ा था और आगे भी वे प्रदेश का भला करने में सक्षम नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें : पश्चाताप के समय बेचैन नहीं हुआ जाता…जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना, लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिन्ना के उपासकों ने गन्ना किसानों को ठगा और युवाओं का शोषण किया, जिससे उत्तर प्रदेश ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी में धकेल दिया गया था। लेकिन आज प्रदेश निवेश का केंद्र बन चुका है। अपनी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “आज प्रदेश में न दंगा है, न कर्फ्यू है। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति प्रभावी है। आज मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं—न कर्फ्यू है, न दंगा है, बुलंदशहर चंगा है।”
- उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम के साथ जुड़े रहें और पाएं हर अपडेट
