Tirupati: घंटों का इंतजार खत्म, मंदिर में भक्तों के भोजन के लिए खास इंतजाम


आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन के लिए रोजाना लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन, तिरमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब कतार में घंटों इंतजार…

तिरुपति बालाजी मंदिर में भक्तों के लिए नई तकनीक, अब कन्वेयर बेल्ट से मिलेगा प्रसाद

आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन के लिए रोजाना लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन, तिरमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब कतार में घंटों इंतजार करने वाले भक्तों को भोजन और पेय पदार्थ तेजी से उपलब्ध कराने के लिए एक अत्याधुनिक कन्वेयर प्रणाली (Conveyor System) का प्रायोगिक तौर पर परीक्षण शुरू किया गया है।

सामान्य दिनों के अलावा भीड़भाड़ वाले समय में भगवान बालाजी के दर्शन के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालु कई किलोमीटर लंबी कतारों में खड़े रहते हैं। वर्तमान में, TTD की ओर से सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक ऑक्टोपस बिल्डिंग से लेकर कृष्णा तेजा गेस्ट हाउस तक लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी कतारों में अन्न प्रसाद का वितरण किया जाता है। इस कार्य में करीब 100 श्रीवारी सेवक दिन-रात जुटे रहते हैं, जो श्रद्धालुओं को दूध, छाछ, पानी और तरह-तरह के चावल (पुलीहोरा, टमाटर राइस आदि) वितरित करते हैं।

भोजन वितरण के लिए ‘स्मार्ट मशीन’ का ट्रायल

श्रद्धालुओं तक प्रसाद पहुंचाने की प्रक्रिया को और अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए दानदाताओं के सहयोग से इस ‘चलती-फिरती भोजन वितरण प्रणाली’ को तैयार किया गया है। फिलहाल, TTD के अधिकारी मंदिर के शिला तोरणम के पास गेट नंबर 45 पर इस मशीन का ट्रायल ले रहे हैं। श्रीवारी सेवकों को इस नई तकनीक के माध्यम से भक्तों को भोजन परोसने में काफी आसानी हो रही है। यदि यह प्रायोगिक परीक्षण सफल रहता है, तो मंदिर के अन्य हिस्सों में भी इसे बड़े पैमाने पर लागू किया जाएगा।

सफल होने पर बढ़ाई जाएगी मशीनों की संख्या

लगभग 35 लाख रुपये की लागत से तैयार इस कन्वेयर सिस्टम के सफल संचालन को लेकर मंदिर प्रशासन काफी उत्साहित है। अधिकारियों का मानना है कि यदि यह तकनीक कारगर साबित होती है, तो इसे अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी स्थापित किया जाएगा। इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य कतार में खड़े भक्तों को बिना किसी देरी के गुणवत्तापूर्ण भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी यात्रा सुखद बनी रहे।


Exit mobile version