Reels का नशा उतरा: हथियार दिखाकर डॉन बनने वाले 5 युवक पुलिस के सामने गिड़गिड़ाए

सोशल मीडिया पर खुद को 'गैंगस्टर' और 'डॉन' साबित करने के चक्कर में भीलवाड़ा के 5 युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ा। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए उन युवाओं को दबोचा है, जो हाथों में बंदूक और तलवार लेकर दहशत फैलाने वाली रील और तस्वीरें पोस्ट कर रहे थे।…

भीलवाड़ा में ‘डॉन’ बनने का शौक पड़ा भारी: हथियारों के साथ रील बनाने वाले 5 युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर खुद को ‘गैंगस्टर’ और ‘डॉन’ साबित करने के चक्कर में भीलवाड़ा के 5 युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ा। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए उन युवाओं को दबोचा है, जो हाथों में बंदूक और तलवार लेकर दहशत फैलाने वाली रील और तस्वीरें पोस्ट कर रहे थे। जिले के पांच अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक साथ शिकंजा कसा है।

इन तस्वीरों में देखें पुलिस की सख्ती

  • आसींद पुलिस: राम लाल उर्फ रॉकी को बंदूक के साथ वीडियो बनाने पर पकड़ा और उससे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई।
  • सदर थाना पुलिस: सुरेश कालबेलिया को गिरफ्तार कर उससे हाथ जुड़वाकर अपनी गलती स्वीकार करवाई गई।
  • बनेड़ा पुलिस: बंदूक लेकर फोटो डालने वाले बल्लू को पुलिस ने दबोच लिया।

सोशल मीडिया पर रील का खामियाजा

जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया है। इन युवकों का मकसद सोशल मीडिया पर अपनी ‘भाईगिरी’ दिखाना था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद इन सभी का रौब काफूर हो गया। हिरासत में आने के बाद ये वही युवक हैं जो पहले बंदूकें लहरा रहे थे, अब आम जनता से माफी मांगते हुए नजर आए।

एसपी की दो टूक: बदमाशी का दिखावा करने वालों पर कड़ी नजर

भीलवाड़ा के एसपी ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करके समाज में डर का माहौल बनाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बदमाशों का महिमामंडन करने वालों की पहचान की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को गलत राह से बचाना और जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना है।

पांच थानों की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर इन आरोपियों को पकड़ा है:

  • बनेड़ा: बलराम उर्फ बल्लू जाट, जिसने बंदूक के साथ ‘307 गैंग’ जैसा नाम इस्तेमाल किया।
  • सदर: सुरेश कालबेलिया, जो तलवार-बंदूक के साथ माफिया जैसा वीडियो बना रहा था।
  • आसींद: रामलाल उर्फ रॉकी, जिसे रील बनाने के आरोप में पकड़ा गया।
  • शाहपुरा और कारोई: राज उर्फ लकी और कुलदीप सिंह को हथियारों का प्रदर्शन करने के मामले में गिरफ्तार किया गया।

सोशल मीडिया पर चेतावनी: कानून से खिलवाड़ न करें

भीलवाड़ा पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देना गंभीर अपराध है। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह के वीडियो या पोस्ट साझा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Exit mobile version