दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त: संसद सत्र और प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर पुलिस अलर्ट
आगामी 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र और CJP द्वारा प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मार्च के लिए न तो किसी संगठन ने अनुमति मांगी है और न ही प्रशासन ने इसे आयोजित करने की कोई मंजूरी दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के राजधानी में मार्च, जुलूस या किसी भी प्रकार का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नई दिल्ली में लागू हुई BNSS की धारा 163
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है, जो पूर्व में CrPC की धारा 144 के रूप में जानी जाती थी। इस आदेश के प्रभावी होने के बाद, किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने, जुलूस निकालने या विरोध प्रदर्शन करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
संसद और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संसद भवन, महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों और वीवीआईपी क्षेत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
NEET विवाद को लेकर है प्रदर्शन की योजना
CJP द्वारा आयोजित यह ‘चलो संसद’ मार्च मुख्य रूप से NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि संसद क्षेत्र एक हाई-सिक्योरिटी जोन है, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी प्रदर्शनकारी समूह को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस बीच, जंतर-मंतर पर CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके का अनशन लगातार जारी है। वहीं, दूसरी ओर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने सभी प्रदर्शनकारी संगठनों से शांति बनाए रखने और सरकारी नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति या समूह कानून को हाथ में लेने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- खेल जगत की हलचल जानने के लिए यहां क्लिक करें
