OP Rajbhar: दलितों का अपमान बंद करें अखिलेश, राजभर ने उठाए तीखे सवाल


लखनऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा जुबानी हमला बोला है। राजभर ने सपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गरीबों, दलितों और पिछड़ों को प्रताड़ित करने में आनंद आता है? उन्होंने सवाल उठाया कि…

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, सपा सांसद को बताया ‘लुटेरा’

लखनऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा जुबानी हमला बोला है। राजभर ने सपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गरीबों, दलितों और पिछड़ों को प्रताड़ित करने में आनंद आता है? उन्होंने सवाल उठाया कि आए दिन होने वाली आपराधिक घटनाओं, जैसे हत्या, चोरी और छिनैती में सपा से जुड़े लोगों के नाम सामने क्यों आते हैं? राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने अपनी पार्टी को राजनीतिक दल बना रखा है या कोई ‘गैंग’।

आजमगढ़ सांसद पर जमीन कब्जाने का गंभीर आरोप

ओपी राजभर ने आजमगढ़ के लालगंज से सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज का नाम लेते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद का नाम तो ‘दरोगा’ है, लेकिन उनके काम ‘लुटेरों’ वाले हैं। राजभर का आरोप है कि ये सांसद लगातार दलितों और पिछड़ों की जमीन कब्जाने का काम कर रहे हैं और बदसलूकी करना उनकी आदत बन गई है। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि यदि उन्हें अपनी पार्टी के सांसद की करतूतों पर यकीन नहीं है, तो वे अपने भाई धर्मेंद्र यादव से इस बारे में जानकारी ले सकते हैं, जो सब कुछ जानते हैं।

मोहनपुर पटवास गांव का मामला और सामंती सोच

मंत्री राजभर ने आगे कहा कि आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव में एक गरीब दलित महिला गीता सरोज की जमीन हड़पने के लिए सांसद और उनके परिजनों ने दबंगई की सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब के नशे में गाली-गलौज और धमकी देकर करीब 50 बीघा जमीन और तालाब पर कब्जा कर वहां स्विमिंग पूल वाला फार्म हाउस बना लिया गया है। राजभर ने इसे सपा की ‘सामंती सोच’ करार देते हुए कहा कि कब्जे वाली जमीन के चारों ओर करंट वाला तार बिछाया गया है, ताकि कोई गरीब वहां न आ सके।

विपक्ष को दी नसीहत

अंत में ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को एक राजनीतिक सलाह देते हुए कहा कि यदि वे भविष्य में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसे ‘लुटेरे’ नेताओं पर लगाम कसनी होगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सपा ने अपने ऐसे लोगों को नियंत्रित नहीं किया, तो वे नेता प्रतिपक्ष का पद भी खो सकते हैं।

  • उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
  • ताजा अपडेट्स के लिए लल्लूराम डॉट कॉम के साथ जुड़े रहें