UP News: बिजली आपूर्ति में यूपी नंबर-1, रिकॉर्ड सप्लाई से बड़े राज्य पीछे छूटे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने बिजली वितरण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के तमाम बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। राज्य सरकार की बेहतर कार्ययोजना और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की नीति के चलते 10 जुलाई से 14 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश पूरे भारत में सर्वाधिक बिजली की आपूर्ति करने…

उत्तर प्रदेश ने रचा इतिहास: बिजली आपूर्ति में देश के सभी राज्यों को पछाड़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने बिजली वितरण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के तमाम बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। राज्य सरकार की बेहतर कार्ययोजना और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की नीति के चलते 10 जुलाई से 14 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश पूरे भारत में सर्वाधिक बिजली की आपूर्ति करने वाला राज्य बन गया है।

राज्य के ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में बिजली की मांग और आपूर्ति का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है। पिछले कुछ दिनों में दर्ज की गई आपूर्ति का विवरण इस प्रकार है:

तिथिआपूर्ति की गई बिजली (मेगावाट में)
10 जुलाई26,571
11 जुलाई29,041
12 जुलाई30,598
13 जुलाई29,827
14 जुलाई30,457

आपूर्ति में यूपी का दबदबा

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश ने अब तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे विकसित राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। योगी सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि आज ग्रामीण इलाकों में भी निर्धारित 18 घंटे के शेड्यूल से अधिक समय तक बिजली की सुविधा मिल रही है। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों, शहरों और तहसील मुख्यालयों में चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

अधिकारियों ने दी सतर्क रहने की सलाह

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष और ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बताया कि प्रदेश भर में विद्युत व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट कहा है कि बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मरों और टूटे हुए तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। जलभराव वाले इलाकों में सतर्क रहें और किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति में तुरंत 1912 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

  • उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए जुड़े रहें।
  • देश-दुनिया की अपडेट्स के लिए विजिट करें हमारी वेबसाइट।