हरदोई में दिल दहला देने वाली वारदात: शराब के नशे में पति ने सिलबट्टे से कूचकर की पत्नी की हत्या
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है, जहां कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरीदायमपुर गांव में घरेलू कलह ने एक महिला की जान ले ली। शुक्रवार देर रात शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी की सिलबट्टे से वार-वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में बदमाश बेलगाम! दिनदहाड़े पुलिस बूथ के पास से तमंचे की नोंक पर लूट, कहां खाक छान रहे कानून के रखवाले?
घरेलू विवाद ने लिया खूनी मोड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कुंजबिहारी गुप्ता मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार की रात जब वह नशे की हालत में घर लौटा, तो किसी बात को लेकर उसकी पत्नी मोनी के साथ तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया और रसोई में रखे भारी-भरकम सिलबट्टे से पत्नी के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मोनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी फरार
क्रूरता की हदें पार करने के बाद आरोपी पति ने खुद को बचाने के लिए घर का दरवाजा बाहर से लॉक किया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
2017 में हुई थी शादी, शराब ने उजाड़ा परिवार
ग्रामीणों ने बताया कि कुंजबिहारी और मोनी का विवाह वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान हुआ था। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे कुंजबिहारी को शराब की लत लग गई। यही लत उनके सुखी वैवाहिक जीवन के अंत का कारण बनी, जिसके चलते घर में आए दिन कलेश और मारपीट का दौर चलता रहता था।
इसे भी पढ़ें- मेरठ में सनसनी: पत्नी ने नींद की गोलियां देकर पति को जहरीले सांप से डसवाया, प्रेमी और वैन ड्राइवर संग रची साजिश
चार दिन पहले बेटे को दिल्ली भेजा था
इस पूरी घटना में एक राहत की बात यह रही कि दंपति का चार वर्षीय बेटा युवराज सुरक्षित बच गया। परिजनों ने बताया कि घर में लगातार हो रहे विवादों से परेशान होकर मोनी ने चार दिन पहले ही अपने बेटे को जेठ के लड़के सचिन के साथ दिल्ली भेज दिया था। ग्रामीणों का मानना है कि यदि बच्चा घर में होता, तो शायद वह भी इस दरिंदगी का शिकार हो सकता था। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहें









