Gorakhpur: डबल इंजन सरकार में सड़कों पर जलभराव, अखिलेश ने योगी पर कसा तंज

गोरखपुर में मानसून की पहली बारिश के साथ ही सड़कों पर हुए जलभराव ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जोरदार निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने…

गोरखपुर में जलभराव पर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला

गोरखपुर में मानसून की पहली बारिश के साथ ही सड़कों पर हुए जलभराव ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जोरदार निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि गोरखपुर की जनता अपने विधायक और मुख्यमंत्री से पूछ रही है कि ‘स्मार्ट सिटी’ के नाम पर कागजों में खर्च किए गए अरबों रुपये आखिर किसकी जेब में गए? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग दूसरों को शासन-प्रशासन के नाम पर कोसते हैं, क्या अब उनकी आंखें बंद हो गई हैं? उन्होंने सलाह दी कि यदि माननीय को चिराग तले अंधेरा नहीं दिख रहा, तो कम से कम जलमग्न सड़कों के पानी को ही देख लें.

इसे भी पढ़ें- जिंदगी से खिलवाड़ चल रहा! DDU इलेक्ट्रिक लोको शेड में बड़ा हादसा, क्रेन की पुली गिरने से कर्मचारी घायल, लापरवाही का जिम्मेदार कौन?

अखिलेश यादव ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि अब देखना यह है कि क्या वे अपने ही क्षेत्र की समस्याओं को लेकर शिकायत करने वालों पर अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे? उन्होंने कहा कि उनकी कड़वाहट के आगे तो करेला भी फीका पड़ जाए. पूर्व सीएम ने मांग की कि जलभराव से प्रभावित लोगों के लिए तत्काल भोजन, पानी, दवाइयों और रैन बसेरों की व्यवस्था की जाए. साथ ही उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी के बोझ और भाजपाई वसूली से पहले ही जूझ रहे व्यापारियों की स्थिति बेहद खस्ताहाल है, ऐसे में जलभराव के कारण उन्हें होने वाले नुकसान की भरपाई सरकार को करनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें- घबराई हुई है मोदी सरकार…सांसद संजय सिंह ने सोनम वांगचुक को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजने का लगाया आरोप, सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख ने आगे मांग की कि बिना किसी भेदभाव के व्यापारियों को उचित मुआवजा दिया जाए. उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार के भ्रष्टाचार का खामियाजा जनता और छोटे दुकानदारों को क्यों भुगतना पड़े? अखिलेश यादव ने कहा कि जलभराव के बाद फैलने वाली बीमारियों से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए. उन्होंने तंज कसा कि क्या अब सरकार गोरखपुर का नाम बदलकर ‘जलनगरी’ रखने वाली है? उन्होंने कहा कि अब यह साबित हो चुका है कि मुख्यमंत्री की जापान यात्रा का सिटी प्लानिंग से कोई लेना-देना नहीं था, अन्यथा आज गोरखपुर की यह दुर्गति न होती. उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा के हाथ से गोरखपुर का किला भी खिसकने वाला है.

  • उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
  • लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें