बलरामपुर: ISI के संपर्क में रहने वाला युवक गिरफ्तार, एटीएस ने साजिश का किया पर्दाफाश
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बलरामपुर जिले से 29 वर्षीय शहरोज अहमद को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अधिकारियों का आरोप है कि शहरोज सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े एजेंटों के संपर्क में था। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने और आतंकी साजिश रचने के लिए लगातार उकसाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गैसड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जमधरा निवासी शहरोज अहमद के तौर पर हुई है।
यह भी पढ़ें: पेपर लीक मामले में अखिलेश यादव का बड़ा हमला, कहा- भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
पाकिस्तानी नेटवर्क के जाल में फंसा था आरोपी
एटीएस की जांच में खुलासा हुआ है कि शहरोज अहमद पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट जैसे संदिग्धों के नेटवर्क से जुड़ा था। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह अंतरराष्ट्रीय गिरोह भारतीय युवाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर उन्हें राष्ट्र विरोधी कार्यों के लिए बरगलाता है। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि अक्टूबर 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी जान-पहचान जसवीर चौधरी नामक एक संदिग्ध एजेंट से हुई थी। धीरे-धीरे यह बातचीत व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट हो गई, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
राजस्थान से हथियारों की तस्करी और साजिश का अंदेशा
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी राजस्थान से हथियारों की खेप जुटाने और किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उसने पहले भी किसी संदिग्ध गतिविधि में हिस्सा लिया था या वह किसी बड़े हमले की तैयारी कर रहा था।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा, अगले 48 घंटों के लिए 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, भारी बारिश की चेतावनी।
डिजिटल साक्ष्यों की तलाश में जुटी एटीएस
एटीएस ने आरोपी के पास से बरामद मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया है। फॉरेंसिक जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो इस नेटवर्क की गहराई को दर्शाते हैं। फिलहाल, एटीएस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस संदिग्ध गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं और आरोपी का नेटवर्क किन-किन राज्यों में फैला हुआ था। मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इस साजिश से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
- लल्लूराम डॉट कॉम के साथ जुड़े रहने के लिए धन्यवाद।









