लखनऊ: 2027 के महासंग्राम के लिए कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में मजबूत लहर चल रही है और इस बार राज्य में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2022 के मुकाबले आज की राजनीतिक परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को अब दोगुने आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया विंग, सोशल मीडिया टीम और 2022 के विधानसभा प्रत्याशियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में परिस्थितियां पार्टी के प्रतिकूल थीं, लेकिन आज स्थितियां कांग्रेस के अनुकूल हैं। उन्होंने पूर्व प्रत्याशियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अभी से सक्रिय हो जाएं और आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा सके।
READ MORE: 2027 का सबसे बड़ा सवाल: क्या योगी लगाएंगे जीत की हैट्रिक या भाजपा लिखेगी नई पटकथा?
कांग्रेस की जीत का संकल्प
बैठक को संबोधित करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “यह मायने नहीं रखता कि चुनाव कौन लड़ रहा है, हमारा एकमात्र लक्ष्य कांग्रेस की जीत होना चाहिए। ‘मन के जीते जीत है, मन के हारे हार’—इस मंत्र को अपनाते हुए पूरी ऊर्जा के साथ काम में जुट जाएं। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत तय है और राज्य में कांग्रेस सरकार का गठन होना निश्चित है।”
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से त्रस्त है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, जिसके चलते जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प बनकर उभरेगी।
READ MORE: BJP का विकास खो गया! किसानों की समस्या को लेकर सड़क पर उतरे सपा सांसद, सिंचाई, बिजली और खाद की समस्या को लेकर घेरा
सोशल मीडिया पर आक्रामक रुख
राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम को निर्देश दिए कि वे पार्टी की विचारधारा और जनहित से जुड़ी नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता के बीच ले जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों और आंकड़ों के साथ दिया जाना चाहिए, ताकि आम आदमी तक पार्टी का संदेश स्पष्ट रूप से पहुंच सके।
- उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम के साथ जुड़े रहें









