बलिया में कोरोना ने दी दस्तक: सहतवार में एक महिला संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
बलिया। जनपद में लंबे समय के बाद कोरोना वायरस का एक नया मामला सामने आने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर पंचायत सहतवार के वार्ड संख्या-5 की रहने वाली एक 32 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। महिला का सैंपल 11 जुलाई को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ में लिया गया था, जिसकी पुष्टि 13 जुलाई को जांच रिपोर्ट आने के बाद हुई।
इसे भी पढ़ें- पति, पत्नी, कत्ल और 12 साल बाद… युवक की जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में कोर्ट का आया फैसला, जानिए बीवी ने कैसे उजाड़ा था अपना सुहाग
संक्रमण की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का कार्य शुरू कर दिया। रेवती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने महिला के आवास पर पहुंचकर उसके संपर्क में आए चार अन्य लोगों के सैंपल लिए। राहत की बात यह है कि इन चारों लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल संक्रमित महिला को होम आइसोलेशन में रखा गया है और चिकित्सकों की एक विशेष टीम लगातार उसके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डॉ. अभिषेक मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सहतवार की रहने वाली महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला के संपर्क में आए सभी संदिग्धों की जांच कर ली गई है और सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। स्वास्थ्य विभाग एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
इसे भी पढ़ें- परिवार के सामने बाप के शरीर में दाग दीं 6 गोलियां, 150 करोड़ की संपत्ति के लिए हैवान बना बेटा
लंबे समय बाद कोरोना का मामला सामने आने से प्रशासन ने आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। चिकित्सकों का कहना है कि संक्रमण का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है, इसलिए लापरवाही न बरतें। यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर परामर्श लें और अपनी जांच करवाएं।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- देश-दुनिया की अन्य खबरों के लिए लल्लूराम डॉट कॉम के साथ जुड़े रहें










