सूर्य ग्रहण 2026Image Credit source: PTI
साल 2026 का अंतिम सूर्य ग्रहण: जानें कब और कहां दिखेगा खगोलीय घटना
पंचांग के अनुसार, इस वर्ष का अंतिम सूर्य ग्रहण 12 अगस्त को घटित होने जा रहा है। यह एक पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जिसे खगोलीय और ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ज्योतिषीय गणनाओं के मुताबिक, यह ग्रहण कर्क राशि और अश्लेषा नक्षत्र में घटित होगा। ग्रहण के समय कर्क राशि में सूर्य के साथ गुरु बृहस्पति और बुध की युति भी बनी रहेगी। ग्रहों की इस विशेष स्थिति के कारण कई शुभ और अशुभ योगों का निर्माण हो रहा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि यह ग्रहण भारत में दृश्य नहीं होगा, इसलिए यहां सूतक काल का नियम मान्य नहीं होगा। फिर भी, ज्योतिष के जानकारों का मानना है कि इसका प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग रूप में देखने को मिलेगा।
कब से कब तक रहेगा ग्रहण?
भारतीय मानक समय के अनुसार, साल 2026 का यह दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण 12 अगस्त की रात 11 बजकर 17 मिनट से शुरू होगा और 13 अगस्त की सुबह 4 बजकर 25 मिनट पर समाप्त होगा। चूंकि यह पूर्ण सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देश में सूतक काल नहीं माना जाएगा। यह खगोलीय घटना मुख्य रूप से यूरोप के विभिन्न हिस्सों, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन, उत्तरी रूस और आर्कटिक क्षेत्र में देखी जा सकेगी।
सभी 12 राशियों पर सूर्य ग्रहण का संभावित प्रभाव
- मेष राशि: करियर और कामकाज में बदलाव के संकेत हैं। कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, लेकिन व्यापार में जल्दबाजी से बचें।
- वृषभ राशि: भाग्य का साथ मिलेगा। कार्य या व्यापार के सिलसिले में लंबी यात्रा के योग हैं। नई नौकरी के अवसर खुल सकते हैं।
- मिथुन राशि: आर्थिक मामलों में उतार-चढ़ाव संभव है। खर्चों पर नियंत्रण रखें और किसी भी प्रकार के जोखिम भरे निवेश से बचें।
- कर्क राशि: ग्रहण इसी राशि में लग रहा है, इसलिए मानसिक तनाव और भावनात्मक उथल-पुथल हो सकती है। करियर में बड़े बदलाव के प्रति सतर्क रहें।
- सिंह राशि: विदेश से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। नौकरी में स्थान परिवर्तन या विदेश यात्रा के योग बन रहे हैं।
- कन्या राशि: करियर में उन्नति के नए रास्ते खुलेंगे। पदोन्नति या नई जिम्मेदारियों के साथ-साथ व्यावसायिक संपर्क भी मजबूत होंगे।
- तुला राशि: कार्यक्षेत्र में बदलाव की संभावना है। काम करने के तरीके में बदलाव आ सकता है। व्यावसायिक फैसले सोच-समझकर लें।
- वृश्चिक राशि: भाग्य प्रबल रहेगा। करियर में तरक्की के नए अवसर मिलेंगे और व्यापार का विस्तार हो सकता है।
- धनु राशि: आर्थिक और पारिवारिक मामलों में सावधानी बरतें। अचानक धन खर्च हो सकता है। सेहत को लेकर लापरवाही न करें।
- मकर राशि: साझेदारी के कार्यों में मतभेद हो सकते हैं। सहकर्मियों के साथ तालमेल बिठाकर चलने में ही भलाई है।
- कुंभ राशि: कार्यभार अधिक रहने से थकान महसूस हो सकती है। नौकरी बदलने का विचार कर रहे हैं तो फिलहाल जल्दबाजी न करें।
- मीन राशि: शिक्षा और संतान से जुड़े मामलों में अधिक मेहनत की आवश्यकता है। प्रेम संबंधों और व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है।









