Ashadha Gupt Navratri 2026: शादी में आ रही बाधाएं? करें ये उपाय, मिलेगा मनचाहा जीवनसाथी

Image Credit source: Unsplash

आषाढ़ गुप्त नवरात्रि: विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए अपनाएं ये अचूक उपाय

Image Credit source: Unsplash

आषाढ़ गुप्त नवरात्रि के विशेष उपाय: हिंदू पंचांग के अनुसार, वर्तमान में आषाढ़ माह की गुप्त नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है। 15 जुलाई से शुरू हुई यह गुप्त नवरात्रि 23 जुलाई तक चलेगी। आध्यात्मिक दृष्टिकोण से यह नवरात्रि चैत्र और शारदीय नवरात्रि के समान ही अत्यंत प्रभावशाली मानी जाती है। सामान्य नवरात्रि और गुप्त नवरात्रि में मुख्य अंतर यह है कि जहां सामान्य नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की सार्वजनिक पूजा होती है, वहीं गुप्त नवरात्रि में 10 महाविद्याओं की गोपनीय साधना की जाती है। तंत्र और मंत्र की सिद्धि के लिए यह कालखंड अत्यंत उत्तम माना जाता है।

गुप्त नवरात्रि के दौरान की गई साधना और पूजा-पाठ का विशेष फल प्राप्त होता है। यदि आपके विवाह में लंबे समय से बाधाएं आ रही हैं या बात तय होकर बीच में ही टूट जाती है, तो गुप्त नवरात्रि के शेष दिनों में किए गए कुछ उपाय आपके लिए वरदान साबित हो सकते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इन दिनों किए गए विशेष उपाय शीघ्र विवाह के योग बनाने में सहायक होते हैं और जातक को मनचाहा जीवनसाथी प्राप्त होता है।

शीघ्र विवाह के लिए गुप्त नवरात्रि में करें ये प्रभावी उपाय

  • मां कात्यायनी की पूजा: विवाह की कामना रखने वाले जातकों को गुप्त नवरात्रि के शेष दिनों में सायंकाल मां कात्यायनी के समक्ष शुद्ध घी का दीपक प्रज्वलित करना चाहिए। इस दौरान “कात्यायनी महामाये महायोगिन्यधीश्वरी” मंत्र का कम से कम एक माला जाप करने से विवाह के मार्ग में आ रही अड़चनें दूर होती हैं।
  • शिव-पार्वती को चढ़ाएं हल्दी: हल्दी को शुभ और मांगलिक कार्यों का कारक माना गया है। गुप्त नवरात्रि में प्रतिदिन भगवान शिव और माता पार्वती को हल्दी की गांठ अर्पित करें। माना जाता है कि इस उपाय से योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति होती है।
  • शृंगार सामग्री का दान: यदि विवाह में लगातार देरी हो रही है, तो दुर्गा सप्तशती के अंतर्गत आने वाले अर्गला स्तोत्र का पाठ करना अत्यंत लाभकारी है। इसके अलावा किसी देवी मंदिर में या सुहागन महिलाओं को सिंदूर, चूड़ियां, मेहंदी और लाल चुनरी जैसी शृंगार सामग्री दान करें।
  • शिव-पार्वती का गठबंधन: गुप्त नवरात्रि के अंतिम दिन भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा पर सात बार कलावा लपेटकर उनका प्रतीकात्मक गठबंधन करें। इसके बाद अपने शीघ्र विवाह की प्रार्थना करें। यह उपाय विवाह से जुड़ी समस्याओं को जड़ से समाप्त करने में सक्षम माना जाता है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य सूचनाओं पर आधारित है। किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

लेखक: वरुण कुमार

वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। प्रभासाक्षी और एबीपी न्यूज जैसे संस्थानों में कार्य करने के बाद, वे वर्तमान में TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ जुड़े हुए हैं।