Delhi News: दिल्ली पुलिस की रोक के बावजूद CJP का संसद मार्च का ऐलान

संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत के साथ ही सोमवार को दिल्ली की सड़कों पर भारी गहमागहमी देखी जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आहूत 'चलो संसद' मार्च के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए नई दिल्ली इलाके में धारा 163…

दिल्ली में सियासी पारा गर्म: CJP के ‘संसद मार्च’ को लेकर राजधानी हाई अलर्ट पर

संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत के साथ ही सोमवार को दिल्ली की सड़कों पर भारी गहमागहमी देखी जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आहूत ‘चलो संसद’ मार्च के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए नई दिल्ली इलाके में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। सीजेपी पिछले 20 जून से जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्र हितों की मांग को लेकर धरना दे रही है। इसी आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए संगठन ने संसद सत्र के पहले दिन मार्च का ऐलान किया है।

आंदोलन से पहले सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से पूरी तरह शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रविवार से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर जुटने लगे थे, जहां पूरी रात नारेबाजी और प्रदर्शन का दौर चलता रहा। सोमवार सुबह होते ही धरनास्थल पर हलचल और तेज हो गई है।

अभिजीत दीपके ने की शांति की अपील

सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन देश के लोकतंत्र को बचाने की एक बड़ी मुहिम है। उन्होंने कहा, “यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा मार्च साबित होगा। पिछले 10-12 वर्षों से लोकतंत्र को कमजोर करने की जो कोशिशें हो रही हैं, उसके खिलाफ जनता एकजुट हो गई है। हम यहां एक महीने से बैठे हैं और हमें इस आंदोलन को बदनाम होने से बचाना है।” उन्होंने दावा किया कि देश के कोने-कोने से लोग इस मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।

कानूनी लड़ाई और मेट्रो सेवा पर असर

इस बीच, सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाई कोर्ट में एक नई याचिका दायर की है। उन्होंने पति के इलाज के लिए अस्पताल चुनने के अधिकार को लेकर सिंगल जज के पुराने आदेश को चुनौती दी है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी के 5 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है।

बंद किए गए मेट्रो स्टेशन
जनपथ
राजीव चौक
पटेल चौक
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
सेवा तीर्थ

दिल्ली पुलिस की सख्त चेतावनी

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीजेपी के इस ‘संसद मार्च’ के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है। हाई-सिक्योरिटी जोन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संसद मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। हालांकि, दिल्ली के बॉर्डर इलाकों जैसे बदरपुर और कालिंदी कुंज पर फिलहाल यातायात सामान्य है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अनधिकृत प्रदर्शन को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

  • उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
  • लल्लूराम डॉट कॉम की इंग्लिश खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
  • खेल जगत की प्रमुख खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें