इंदौर जिला जेल में बदमाश पर चाइनीज चाकू से हमला:चेहरे पर किए 3 वार; आरोपी मुंह में छिपाकर लाया था चाकू



इंदौर की जिला जेल में मंगलवार शाम बंद एक बदमाश पर दूसरे बदमाश ने चाइनीज चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सोनू उर्फ खरगोश के चेहरे पर चाकू से तीन वार किए। घटना की सूचना मिलने के बाद जेल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हमला करने वाले बदमाश से पूछताछ की। आजाद नगर इलाके की जिला जेल में बंद सोनू उर्फ खरगोश पर शुभम और उसके साथी ने मंगलवार शाम लॉकअप से पहले चाइनीज चाकू से हमला कर दिया। बताया जाता है कि सोनू जेल कैंटीन की तरफ गया था। इसी दौरान शुभम उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और अचानक उसे धमकाते हुए हमला कर दिया। जेल के प्रहरियों ने तुरंत शुभम को रोका और दोनों को अलग किया। सूचना मिलने पर जेलर जवाहर मंडलोई, उपजेलर राकेश उपाध्याय और चक्कर अधिकारी मनोज जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने शुभम से पूछताछ की। बताया जाता है कि तिलक नगर थाने से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत शुभम को एक दिन पहले ही जेल लाया गया था। वह मुंह में छोटा चाइनीज चाकू छिपाकर जेल में लाया था। बिल्डर मनोज नागर पर चलाई थी गोली कुछ माह पहले रुपए के लेनदेन को लेकर खजराना के बिल्डर मनोज नागर पर सोनू उर्फ खरगोश और उसके साथियों ने महालक्ष्मी नगर में गोली चलाई थी। इस मामले में हेमंत यादव को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, सोनू पर हमले के पीछे सुपारी दिए जाने की बात भी सामने आ रही है। जेल अधिकारी मामले में आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।