Fact Check: नसीरुद्दीन शाह के जंतर-मंतर जाने का दावा निकला झूठा, वीडियो पुराना है


दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया गया कि अभिनेता अपने बेटे विवान शाह के साथ प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे थे। वायरल पोस्ट में यह भी कहा गया कि…

दिल्ली प्रदर्शन के नाम पर नसीरुद्दीन शाह का वायरल वीडियो निकला फर्जी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया गया कि अभिनेता अपने बेटे विवान शाह के साथ प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे थे। वायरल पोस्ट में यह भी कहा गया कि उन्होंने कोई बयान नहीं दिया और केवल एक खंभे के सहारे खड़े होकर छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को गौर से देखते रहे। हालांकि, सच्चाई कुछ और ही है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो दिल्ली का नहीं, बल्कि मुंबई के कोलाबा स्थित रीगल सिनेमा के बाहर का है। वीडियो में नसीरुद्दीन शाह को अपने बेटे के साथ सड़क किनारे देखा जा सकता है। इस फुटेज को सबसे पहले इंस्टाग्राम यूजर राजेश गौर ने शेयर किया था। वीडियो के मूल हिस्से में रीगल सिनेमा का बोर्ड और वहां लगी फिल्मों ‘राजा शिवाजी’ और ‘पति पत्नी और वो 2’ के पोस्टर साफ दिखाई दे रहे हैं। वायरल करने वालों ने वीडियो का वह हिस्सा काट दिया, जिससे यह स्पष्ट होता कि वे थिएटर के बाहर थे, न कि जंतर-मंतर पर।

क्या है सच्चाई और कैसे फैला भ्रम?

  • इंस्टाग्राम यूजर राजेश गौर ने यह वीडियो 15 जुलाई को पहली बार साझा किया था और 20 जुलाई को इसे फिर से पोस्ट किया।
  • सोमवार को इसी वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल कर दिया गया कि नसीरुद्दीन शाह जंतर-मंतर पर मौजूद थे।
  • संयोग से सोमवार को ही नसीरुद्दीन शाह का 76वां जन्मदिन था, जिसके चलते लोगों ने इसे सच मान लिया।

शबाना आजमी और प्रकाश राज पहुंचे थे जंतर-मंतर

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने शिरकत की थी। अभिनेत्री शबाना आजमी, स्वरा भास्कर और अभिनेता प्रकाश राज ने वहां पहुंचकर अपना समर्थन जताया था। पिछले तीन सप्ताह से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेताओं नेहा, अमीन और मनीष कुमार का अनशन सोमवार को शबाना आजमी और प्रकाश राज ने पानी पिलाकर समाप्त कराया।

भले ही नसीरुद्दीन शाह जंतर-मंतर नहीं गए, लेकिन उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का समर्थन किया था। नसीरुद्दीन शाह ने अपनी पत्नी रत्ना पाठक शाह, लेखिका अरुंधति रॉय और अर्थशास्त्री जयती घोष के साथ मिलकर एक संयुक्त बयान जारी किया था। उन्होंने सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताते हुए कहा, ‘यह लड़ाई एक मैराथन है, कोई स्प्रिंट नहीं। देश के युवाओं के नेतृत्व के लिए हमें आपकी जरूरत है, इसलिए अपनी सेहत बचाना बहुत जरूरी है।’