कुंडली में बृहस्पति का महत्व और प्रभाव
ज्योतिष शास्त्र में देवगुरु बृहस्पति को सबसे शुभ और प्रभावशाली ग्रह माना गया है. किसी भी व्यक्ति की कुंडली में विवाह के योग तय करने के लिए गुरु की स्थिति का आकलन करना अनिवार्य होता है. जब गुरु अस्त होते हैं, तो मांगलिक कार्यों जैसे विवाह आदि पर रोक लग जाती है. बृहस्पति को ज्ञान, बुद्धि, शिक्षा, धन-संपत्ति, सौभाग्य और आध्यात्मिकता का कारक ग्रह माना गया है. जिस जातक की कुंडली में गुरु मजबूत स्थिति में होते हैं, उन्हें जीवन में अपार सुख, वैभव और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है.
इसके विपरीत, यदि कुंडली में गुरु कमजोर या अशुभ स्थिति में हों, तो व्यक्ति को जीवन में संघर्षों और असफलताओं का सामना करना पड़ता है. आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव भी इसका परिणाम हो सकते हैं. आइए जानते हैं कि ज्योतिष के अनुसार कुंडली के अलग-अलग भावों में गुरु का बैठना कैसा प्रभाव डालता है.
कुंडली के 12 भावों में बृहस्पति का फल
- प्रथम भाव: लग्न में बैठे गुरु जातक को अत्यंत बुद्धिमान और आकर्षक व्यक्तित्व का स्वामी बनाते हैं. ऐसे लोग धार्मिक कार्यों में रुचि रखते हैं और समाज में खूब मान-सम्मान पाते हैं. इनकी आयु भी लंबी होती है.
- द्वितीय और तृतीय भाव: दूसरे भाव में गुरु व्यक्ति को धनवान और मधुर वाणी का धनी बनाते हैं, साथ ही पैतृक संपत्ति का लाभ मिलता है. तीसरे भाव में गुरु जातक को पराक्रमी बनाते हैं, हालांकि इन्हें सफलता के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है.
- चतुर्थ और पंचम भाव: चौथे भाव के गुरु जातक को भूमि, भवन और वाहन का सुख दिलाते हैं और माता से संबंध मधुर रहते हैं. पांचवें भाव में गुरु शिक्षा और संतान के क्षेत्र में शुभ फल प्रदान करते हैं.
- छठा और सातवां भाव: छठे भाव में गुरु शत्रुओं पर विजय दिलाते हैं, लेकिन स्वास्थ्य और धन के मामले में सावधानी बरतनी चाहिए. सातवें भाव में गुरु एक आदर्श जीवनसाथी और समाज में प्रतिष्ठा दिलाते हैं.
- आठवां और नौवां भाव: आठवें भाव में गुरु गूढ़ विषयों की समझ देते हैं, लेकिन कभी-कभी धन हानि का कारण भी बनते हैं. नौवें भाव में गुरु भाग्य को प्रबल करते हैं और करियर में सफलता दिलाते हैं.
- दसवां, ग्यारहवां और बारहवां भाव: दसवें भाव में गुरु उच्च पद और पारिवारिक सुख देते हैं. ग्यारहवें भाव में गुरु धन संचय में मदद करते हैं और बारहवें भाव में गुरु व्यक्ति को आध्यात्मिक और दानी प्रवृति का बनाते हैं.
अस्वीकरण: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.









