सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, जानिए आज का ताजा भाव
भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का रुख देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, चांदी की कीमतों में 3,493 रुपए की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद एक किलो चांदी का भाव 2,18,967 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार को चांदी 2,15,474 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
वहीं, सोने के दाम में भी इजाफा हुआ है। 24 कैरेट सोना 756 रुपए महंगा होकर 1,41,915 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। 17 जुलाई को यह 1,41,159 रुपए था। यदि इस महीने की बात करें तो सोने में 283 रुपए की बढ़त देखी गई है, जबकि चांदी के भाव में 6,463 रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। 1 जुलाई को सोना 1,41,632 रुपए और चांदी 2,25,430 रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी।
देश के अलग-अलग शहरों में सोने के दाम में अंतर क्यों?
- ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा: एक स्थान से दूसरे स्थान तक सोने की ढुलाई में सुरक्षा और ईंधन का खर्च जुड़ता है, जिससे दूरी के हिसाब से कीमतें बदल जाती हैं।
- खरीद की मात्रा: दक्षिण भारत में सोने की मांग (करीब 40%) सबसे अधिक है, वहां ज्वेलर्स बड़े पैमाने पर खरीद करते हैं, लेकिन छूट का लाभ सीमित रहता है।
- स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन: हर शहर और राज्य का ज्वेलरी एसोसिएशन अपनी स्थानीय मांग और आपूर्ति के आधार पर दैनिक रेट निर्धारित करता है।
- पुराना स्टॉक: ज्वेलर्स ने किस भाव पर सोना खरीदा है, यह भी उनकी बिक्री कीमत तय करने में मुख्य भूमिका निभाता है।
सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़कर 15% हुई
केंद्र सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है। सरकार का यह कदम विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को कम करने और आयात को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अमेरिकी-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लागू है, जिससे कुल प्रभावी टैक्स 15% हो गया है। गौरतलब है कि बजट 2024 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसे 15% से घटाकर 6% किया था, जिसे अब वापस बढ़ा दिया गया है।
ज्वेलरी खरीदते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
- सर्टिफाइड गोल्ड ही चुनें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सोना ही खरीदें। ज्वेलरी पर मौजूद अल्फान्यूमेरिक कोड (जैसे AZ4524) से सोने की शुद्धता की पुष्टि होती है।
- कीमतों की जांच करें: खरीदारी से पहले इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की आधिकारिक वेबसाइट पर रेट्स जरूर चेक करें। याद रखें कि 24, 22 और 18 कैरेट सोने के दाम अलग-अलग होते हैं।
असली चांदी की पहचान कैसे करें?
चांदी की शुद्धता जांचने के लिए आप इन आसान तरीकों का उपयोग कर सकते हैं:
मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक की ओर आकर्षित नहीं होती है। आइस टेस्ट: बर्फ का टुकड़ा चांदी पर रखने से वह तेजी से पिघलने लगता है। स्मेल टेस्ट: असली चांदी में कोई गंध नहीं होती, जबकि नकली में तांबे जैसी महक आ सकती है। क्लॉथ टेस्ट: चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ने पर उस पर काला निशान उभरना चाहिए।
खास खबर: भारतीय परिवारों में GDP से भी ज्यादा सोना
भारतीय घरों में जमा सोने का कुल मूल्य अब 5 ट्रिलियन डॉलर (450 लाख करोड़ रुपए) को पार कर गया है, जो देश की 370 लाख करोड़ रुपए की GDP से भी अधिक है। मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय परिवारों के पास लगभग 34,600 टन सोना सुरक्षित है। वर्तमान में सोने का भाव 1.38 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब बना हुआ है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार कारोबार कर रहा है।










