ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, जातीय हिंसा को लेकर घेरा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजभर ने सपा पर प्रदेश में जातीय हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव और उनके समर्थकों को अति पिछड़ों और दलितों से गहरी नफरत है। मंत्री ने दावा किया कि सत्ता से बाहर रहने के बावजूद सपा के लोग प्रदेश में अत्याचार करने में सबसे आगे हैं, और यदि उन्हें गलती से भी सत्ता मिल गई, तो अपराध का यह ग्राफ और अधिक भयावह हो जाएगा।
पुराने जख्मों को कुरेदते हुए ओपी राजभर की बड़ी टिप्पणी
ओपी राजभर ने अपने हमले को धार देते हुए मार्च 2012 के दौर को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि उस समय जनादेश मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में गुंडागर्दी और हिंसा का नंगा नाच शुरू कर दिया था। इस संदर्भ में उन्होंने भदोही जिले के मकदूमपुर गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की दलित बस्ती पर सपा समर्थकों ने कहर बरपाया था। राजभर के अनुसार, दलित समुदाय के लोगों ने जब रहम की गुहार लगाई, तो सत्ता के नशे में चूर गुंडों ने उनकी एक न सुनी और घरों को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब इसलिए किया गया क्योंकि उस बस्ती के लोगों ने समाजवादी पार्टी को वोट नहीं दिया था।
बहुजन समाज पर अत्याचार और सिस्टम की नाकामी
मंत्री राजभर ने आगे कहा कि सत्ता मिलते ही सपा का मुख्य एजेंडा बहुजन समाज को निशाना बनाना था। मकदूमपुर गांव में न केवल घरों को जलाया गया, बल्कि वहां की महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। राजभर ने दावा किया कि आज भी उस गांव की पीड़ित महिलाएं उस आतंक के दौर को याद कर सिहर उठती हैं। उस समय पूरा प्रशासनिक तंत्र समाजवादी पार्टी का दफ्तर बनकर रह गया था, जिसके कारण पीड़ितों की कोई सुनवाई नहीं हुई और एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई।
सपा के ‘पीडीए’ पर साधा निशाना
ओपी राजभर ने आगे कहा कि जब मामले ने तूल पकड़ा और बदनामी होने लगी, तब जाकर पीएल पुनिया को भदोही का दौरा करना पड़ा था। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा का ‘समाजवाद’ असल में ‘शोषणवाद’ है और उनका पीडीए (PDA) का नारा केवल दिखावा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में फिर से सपा की सरकार बनी, तो राज्य की स्थिति पश्चिम बंगाल जैसी हो जाएगी। राजभर ने अपने संबोधन का समापन जय भारत, जय श्री राम और महाराज सुहेलदेव के जयकारों के साथ किया।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम पर पढ़ें विश्वसनीय समाचार









