डीडीयू नगर में जमीन विवाद को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप
अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर। ग्राम गोपालापुर की निवासी महिलाओं ने बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजीव मोहन सक्सेना के कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिलाओं ने एक लिखित शिकायत सौंपते हुए ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों पर पुश्तैनी जमीन से बेदखल करने, जान से मारने की धमकी देने और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या यही है रामराज? छेड़छाड़ का विरोध करने पर मामा-भांजी को बेरहमी से पीटा, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे पिछले तीन दशकों से अधिक समय से इस जमीन पर रह रही हैं और उनके पास 52 बिस्वा जमीन का वैध पट्टा भी मौजूद है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान उस स्थान पर पंचायत भवन बनाना चाहते हैं, जिसके चलते उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
इस मामले में राजमनी नामक महिला ने आरोप लगाया कि प्रधान उन्हें धमकी देते हैं कि या तो वे जमीन छोड़ दें या फिर अपना धर्म परिवर्तन कर लें। एक अन्य पीड़ित महिला ज्ञानती ने बताया कि उनके ससुर ने बरसों पहले मछली पालन के लिए वहां तालाब खुदवाया था। अब प्रधान के लोग उनकी दीवारें गिराने की कोशिश कर रहे हैं और प्रधान का बेटा खुलेआम कट्टा लहराकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।
| प्रमुख आरोप | विवरण |
|---|---|
| जमीन पर कब्जा | पुश्तैनी पट्टे वाली जमीन पर पंचायत भवन बनाने का दबाव। |
| धर्म परिवर्तन | जमीन खाली न करने पर धर्म बदलने का अनुचित दबाव। |
| जान से धमकी | प्रधान के समर्थकों द्वारा कट्टा दिखाकर डराना-धमकाना। |
इसे भी पढ़ें- यूपी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल! बांदा में युवक को जबरन कार में उठाकर ले जाने का वीडियो वायरल
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे गरीब परिवार से हैं और मजदूरी करके अपना पेट पालती हैं। दबंगों की धमकियों के कारण पूरा परिवार गहरे भय के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए और उनकी जमीन को अवैध कब्जे से बचाया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने कहा कि लिखित शिकायत मिल चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम के साथ जुड़े रहें










