UP News: सपा का मतलब बर्बादी, अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखे सियासी हमले जारी रखे हैं। एक बार फिर राजभर ने सपा सुप्रीमो को निशाने पर लेते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को 2012 में अपने पिता…

यूपी की सियासत: ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, कहा- ‘सपा की वापसी यानी उत्तर प्रदेश का पश्चिम बंगाल बनना’

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखे सियासी हमले जारी रखे हैं। एक बार फिर राजभर ने सपा सुप्रीमो को निशाने पर लेते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को 2012 में अपने पिता के नाम और रसूख की बदौलत मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य मिला था, लेकिन उस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश को ‘पश्चिम बंगाल’ जैसा बनाने का काम किया था। राजभर ने चेतावनी दी कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ने गलती से भी सपा को सत्ता सौंपी, तो प्रदेश फिर से उसी अराजकता की ओर चला जाएगा।

इसे भी पढ़ें- खाने की थाली पर सियासत: केजीएमयू हॉस्टल में नॉनवेज पर रोक, छात्रों का विरोध और विपक्ष का सरकार पर हमला

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए ओपी राजभर ने लिखा, “अखिलेश जी, पिता के दम पर आपका मुख्यमंत्री बनना महज एक इत्तेफाक था, लेकिन आपकी ताजपोशी के बाद प्रदेश के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। याद कीजिए 2012 का वह दौर, जब आपकी जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने किस तरह की उद्दंडता दिखाई थी। पूरे सूबे में जातीय और धार्मिक उन्माद का माहौल बन गया था, जिससे उत्तर प्रदेश की छवि पश्चिम बंगाल जैसी हो गई थी।”

राजभर ने सपा पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि सत्ता में आने के महज 36 घंटों के भीतर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सपा कार्यकर्ताओं ने कोहराम मचा दिया था। उन्होंने विशेष रूप से नौ जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां अति पिछड़ों और दलितों की बस्तियों को आग के हवाले कर दिया गया था। इस दौरान न केवल हत्याएं हुईं, बल्कि पुलिस प्रशासन भी मूकदर्शक बना रहा। उन्होंने याद दिलाया कि अम्बेडकरनगर में बसपा के पूर्व मंत्री की राइस मिल तक को फूंक दिया गया था, जो आपकी सरकार की कानून-व्यवस्था की सच्चाई बयां करता है।

इसे भी पढ़ें- क्या यही है रामराज? छेड़छाड़ का विरोध करने पर मामा-भांजी को बेरहमी से पीटा, ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों पर उठे सवाल

मंत्री राजभर ने अपनी तीखी टिप्पणी में आगे कहा कि उस दौरान मंत्री जी खुद बेबस होकर अपने गांव में लगी आग बुझाते रहे, जबकि उनकी राइस मिल की लपटें अकबरपुर कस्बे तक दिखाई दे रही थीं। स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह से अनिर्णय और दबाव में थी। ओपी राजभर ने अपने बयान का सार निकालते हुए अंत में कहा, “इसीलिए मैं बार-बार कहता हूं कि सपा का आना मतलब उत्तर प्रदेश का पश्चिम बंगाल बन जाना है।”

  • उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
  • लल्लूराम डॉट कॉम की अन्य खबरें